अदाणी : जिन राज्यों का दस्तावेजों में जिक्र, वहां थी विपक्ष की सरकार’, राहुल के आरोपों पर भाजपा का पलटवार-2024

अदाणी मामले में कांग्रेस और राहुल गांधी की तरफ से केंद्र की भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों का पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जवाब दिया। भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने इस मामले में कांग्रेस और विपक्ष को घेरते हुए कहा कि अमेरिकी कोर्ट में जो दस्तावेज दिए गए हैं, उनमें इन गड़बड़ियों को 2021 से 2022 के बीच के होने का आरोप लगाया गया है। इस दौरान हुई गड़बड़ियों को चार राज्यों का जिक्र किया गया है। इन राज्यों में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा शामिल हैं। पात्रा ने कहा कि बताए गए दौर में इन चारों राज्यों में न तो भाजपा की सरकार थी और न ही इन राज्यों में भाजपा समर्थित सरकार थी। चारों राज्यों में कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की सरकारें थीं।

ये भारत पर हमला करने का राहुल का तरीका’

भाजपा प्रवक्ता ने कहा, “राहुल गांधी के पास वही चंद नाम हैं, वही चंद तरीका है। उन्होंने उसी तरह से फिर भाजपा पर आरोप लगाया है। मुझे याद है कि राफेल को लेकर राहुल गांधी इसी तरह खड़े हुए थे। कोरोना के समय में भी वह इसी तरह प्रेस कॉन्फ्रेंस करते थे। ये राहुल गांधी का तरीका है भारत पर हमला करने का और जो स्ट्रक्चर भारत को बचाते हैं, उन पर हमला करने का।”

अदाणी मामले पर क्या बोले?

अमेरिका में भारत की कंपनी को लेकर केस चल रहा है। अभी आक्षेप है। हमारा मानना है कि जब कंपनी के केस का विषय है तो कंपनी उस पर बयान जारी करेगी। कानून अपना काम करेगा। बिजली की खरीद और राज्यों की बिजली वितरक कंपनियों (एसडीसी) के साथ जो समझौता है। यह पूरा मामला जुलाई 2021 से फरवरी 2022 के बीच का है। अमेरिकी कोर्ट के केस में जिन चार राज्यों का नाम आता है, उनमें छत्तीसगढ़ की एसडीसी का नाम आता है। तब छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल की, कांग्रेस की सरकार थी। 

दस्तावेजों में आंध्र प्रदेश में सर्वाधिक लेन देन की बात सामने आती है। तब आंध्र प्रदेश में किसकी सरकार थी। भाजपा की नहीं थी। तब वहां वाईएसआर कांग्रेस की सरकार थी। दस्तावेज में तमिलनाडु का नाम आता है। तब वहां कांग्रेस के सहयोगी डीएमके की सरकार थी। ओडिशा में तब बीजद की सरकार थी। इन चार राज्यों का नाम अमेरिका में दायर दस्तावेजों में आया है। इन चारों ही राज्यों में भाजपा की नहीं, कांग्रेस और उनके सहयोगियों की सरकारें थीं।

कांग्रेस लंबे समय से कर रही मोदीजी की विश्वसनीयता पर सवाल

पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी ने आज बार बार कहा कि मोदी जी की क्रेडिबिलिटी समाप्त हो चुकी है। मोदी जी अदाणी के पीछे खड़े हैं, इसलिए उनकी विश्वसनीयता वैश्विक स्तर पर समाप्त हो चुकी है। राहुल जी, मोदी जी की विश्वसनीयता समाप्त करने की चेष्टा और कोशिश कोई आप पहली बार नहीं कर रहे हैं। 2002 से मोदी जी की विश्वसनीयता को समाप्त करने की कोशिश आप, आपकी माताश्री और आपकी पार्टी लगातार कर रही है।

भाजपा ने विदेश से जोड़े आरोपों के तार

भाजपा प्रवक्ता ने आगे कहा, “स्ट्रक्चर की बात होती है कि बहुत बड़ा स्ट्रक्चर है, हम स्ट्रक्चर दिखाएंगे। हमें भी पता है आपका स्ट्रक्चर। ये इल्हान उमर (अमेरिकी सांसद) और जॉर्ज सोरोस (अरबपति कारोबारी)। ये जो आपका अंतरराष्ट्रीय स्ट्रक्चर के विषय में हमें भी पता है। आपका जो अंतरराष्ट्रीय स्ट्रक्चर है, वह भारत के मार्केट के ऊपर आघात करना चाहती है। निरंतर आघात करती हैं। कांग्रेस और गांधी परिवार यह सहन नहीं कर पा रहे कि हम तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने वाले हैं। इसलिए ये भारत के मार्केट पर आक्रमण कर रहे हैं।”

संबित ने शेयर मार्केट के गिरने के पीछे कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “देश के छोटे निवेशक, लगभग ढाई करोड़ छोटे निवेशक, जिन्होंने अपनी पूंजी शेयर मार्केट में लगाई थी, आज उन्हें नुकसान झेलना पड़ा है। लोअर क्लास, लोअर मिडिल क्लास को नुकसान झेलना पड़ा है। इससे पहले भी आपने कई प्रकरणों से मार्केट के ऊपर हमले की कोशिश की है, ताकि मार्केट गिरे और भारत की अर्थव्यवस्था को नुकसान हो।”

Leave a Reply

Refresh Page OK No thanks