गोपालगंज के सैकड़ों घरों में घुसा बाढ़ का पानी, भूखे पेट चचरी पर कट रही जिंदगानी, 2024

गोपालगंज: चूल्हा भी डूबा। चापाकल भी डूबा। रसोई घर डूबा। पशुओं का चारा डूबा। खाट डूब गई। बिस्तर डूब गया। आंगन डूब गया। घर में पानी घुस गया। चारों तरफ पानी ही पानी है। गोपालगंज के मांझागढ़ प्रखंड के बलुआ टोला में घर में अकेले मौजूद 72 वर्षीय कृष्णावती देवी एनबीटी की टीम देखते ही हाथ जोड़ लेती हैं। उनकी कातर निगाहें उन मदद वाले हाथों को खोज रही हैं। जिसका इंतजार कृष्णावती देवी के साथ गांव के सैकड़ों घर वाले कर रहे हैं। गंडक के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी के बाद कृष्णावती देवी सहित सैकड़ों ग्रामीणों के घर डूब गए हैं।

पानी में फंसी जिंदगी

कृष्णावती देवी के दो बेटे हैं। दोनों रोजगार के लिए बाहर रहते हैं। कृष्णावती घर में अकेली रहती हैं। उन्हें पता नहीं था कि अचानक घर में इतना पानी आ जाएगा। वो पानी आने के बाद से भूखे हैं। पानी की एक बूंद गले से नहीं उतरी है। चापाकल डूब गया है। कृष्णावती देवी खुद को भगवान भरोसे छोड़कर राहत का इंतजार कर रही हैं। बलुआ टोला के सभी घरों का यही हाल है। आंगन में कमर से ऊपर तक पानी लगा हुआ है। लोग परेशान हैं।

गोपालगंज की ग्राउंड रिपोर्ट

Hathuwa Samachar संवाददाता Abhimanyu Kunwar ने बलुआ टोला के कई घरों का दौरा किया। घरों में चारों तरफ पानी है। खाट और चचरी बस सूखी हुई है। किसी तरह रात गुजर जा रही है। जानकारी के मुताबिक गोपालगंज में गंडक के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बाल्मीकि नगर बैराज से पिछले दो दिनों पहले 5 लाख 76 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। वह पानी वर्तमान में गोपालगंज में पहुंच गया है। और इस पानी से हर तरफ तबाही का मंजर है।

बलुआ टोला का हाल

Hathuwa Samachar की टीम जब मांझागढ़ प्रखंड के बलुआ टोला पहुंची, तो वहां टीम ने ग्राउंड की तस्वीरें उतारी। टोला में चारों तरफ सड़कों पर पानी फैला हुआ है। फसल डूब गई है। घरों के अंदर पानी प्रवेश कर गया है। कच्चे हो या पक्के सभी मकानों की एक जैसी स्थिति है। घर के अंदर तालाब बना हुआ है। गंडक का पानी कम होगा, तभी राहत मिलेगी।

गांव में चारों तरफ पानी

72 वर्षीय कृष्णावती देवी के अलावा गांव के कई ऐसे लोग मिले, जिन्होंने 24 घंटे से कुछ भी नहीं खाया है। बिहार सरकार की ओर से कम्युनिटी किचन चलाने की बात कही जा रही है। गोपालगंज के बलुआ टोला में ऐसा कुछ नहीं दिख रहा है। वीडियो और तस्वीरों में चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है अभी तक प्रशासन की तरफ से कोई पूछने तक नहीं आया है।

Leave a Reply