गोपालगंज में छह महीने में 124 महिलाएं दहेज के लिए बेघर, 10 की हत्या

गोपालगंज: सरकारी स्तर पर दहेज उन्मूलन के लिए लगातार अभियान चलाने के बावजूद जिले में दहेज के दंश की घटनाएं कम होती नहीं दिख रहीं। वर्ष 2025 के शुरुआती छह माह के आंकड़े इस बात के गवाह हैं। इस बीच गोपालगंज 124 महिलाएं ससुराल वालों की प्रताड़ना की शिकार हुईं।

इस बीच कहीं बहू को दहेज के लिए जलाकर मारने का प्रयास किया गया, तो कहीं जहर देकर हत्या कर दी गई। पुलिस भी महिला उत्पीड़न के वारदातों में त्वरित कार्रवाई करती नजर नहीं आई। गोपालगंज में दहेज उत्पीड़न व हत्या पर आधारित रिपाेर्ट…।

गोपालगंज: नहीं कम हो रहा दहेज का दंश

वर्ष 2019 में सरकार ने दहेज पर रोक लगाने के लिए अभियान प्रारंभ किया। इस अभियान का उद्देश्य आम लोगों में जागरूकता लाना रहा है। इस अभियान को लेकर हर साल कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बाल विवाह व दहेज उत्पीड़न पर रोकथाम के लिए जागरूक किया जा रहा है। बावजूद इसके यहां दहेज का दंश कम होता नहीं दिख रहा है।

इंसाफ के लिए गोपालगंज कोर्ट की लेनी पड़ रही शरण

इस साल दहेज प्रताड़ना के आंकड़े पर गौर करें तो वर्ष 2025 के शुरुआती छह माह में 40 आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज किए गए। इसके अलावा पुलिस के स्तर पर कार्रवाई नहीं करने पर 84 महिलाओं ने न्यायालय में परिवाद पत्र दाखिल कर ससुराल के लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। आंकड़े की मानें तो इस साल अब तक दस महिलाओं को दहेज की बलि बेदी पर ससुराल के लोगों ने चढ़ा दिया तथा सात महिलाओं को ससुराल के लोगों ने मारने का प्रयास किया।

भरण-पोषण के लिए दर्ज हुए 93 मामले

विवाहित महिलाओं के उत्पीड़न का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2025 के शुरुआती छह माह के दौरान भरण पोषण के 93 मामले परिवार न्यायालय में दाखिल किए गए। वाद दाखिल कर प्रताड़ित कर घर से निकाली गई महिलाओं ने न्यायालय से भरण-पोषण के लिए पति से गुजारा भत्ता दिलाने की गुहार लगाई।

मध्यस्थता केंद्र में जुड़े दिल

ऐसी बात नहीं कि दहेज उत्पीड़न या महिला उत्पीड़न को लेकर दाखिल किए गए मामले समाप्त नहीं हुए। वर्ष 2025 के दौरान करीब महिला उत्पीड़न के 11 मामलों में मध्यस्थता केंद्र से पति-पत्नी के विवाद का समाधान किया गया। विवाद समाप्त होने के बाद दंपती ने गिले-शिकवे को समाप्त कर एक साथ रहने पर सहमति जताई।

महिला हेल्पलाइन में आए दर्जनों मामले

इस साल अबतक महिला हेल्पलाइन में भी महिला उत्पीड़न के दर्जनों मामले सामने आए हैं। इनमें से अधिकांश मामलों में पक्षकारों को नोटिस कर हेल्पलाइन की ओर से विवाद का निराकरण करने का प्रयास किया या। जबकि कुछ विवादों का समाधान हेल्पलाइन में नहीं हो सका।

छह माह में दहेज उत्पीड़न व दहेज हत्या का आंकड़ा

  • माह – दहेज उत्पीड़न – दहेज हत्या
  • जनवरी 21 03
  • फरवरी 21 01
  • मार्च 25 01
  • अप्रैल 18 02
  • मई 18 01
  • जून 19 02

Leave a Reply

Refresh Page OK No thanks