बिहार में गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के डूमरिया पुल पर पुलिस व एसटीएफ ने लूटकांड के दो मामलों में फरार चल रहे 25 हजार के इनामी आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी। इस दौरान पुलिस को देखकर आरोपित ने पहले सरेंडर करने का दिखावा किया।
इस बीच पुलिस के नजदीक जाने पर उसने डुमरिया पुल से छलांग लगाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
आरोपित के दोनों पैर व घुटने में गंभीर चोटें आईं। गिरफ्तार आरोपित को पुलिस ने इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित एक सीएसपी में बीते अप्रैल माह में घुसकर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया था।
इस वारदात के अलावा एक अन्य लूट की घटना में वांछित पूर्वी चंपारण के केसरिया थाना क्षेत्र के मनोहर छपरा गांव निवासी मिथिलेश कुमार का नाम सामने आया।
इसके बाद उस पर 25 हजार इनाम गोपालगंज पुलिस की तरफ से घोषित किया गया। वहीं, फरार चल रहे आरोपित के महम्मदपुर थाना क्षेत्र में आने की सूचना मिली।
इसके बाद महम्मदपुर थानाध्यक्ष संदीप कुमार व गोपालगंज एसटीएफ ने डुमरिया पुल के समीप उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की।
सरेंडर करने का किया नाटक
गोपालगंज पुलिस को देखकर आरोपित ने सरेंडर करने का नाटक किया। वहीं, जैसे ही पुलिस उसके नजदीक पहुंची तो उसने डुमरिया पुल से छलांग लगाने का प्रयास किया। हालांकि, इस दौरान पुलिस ने उसे बचाकर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके दोनों पैर व घुटने में चोट लग गई।
गिरफ्तार इनामी आरोपित मिथिलेश कुमार से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे झंझवा ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
एसपी अवधेश दीक्षित ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित पर बैकुंठपुर थाना में दो, महम्मदपुर में एक, पूर्वी चंपारण के केसरिया में एक, मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना में एक व साहेबगंज थाना में तीन मामले दर्ज हैं।
यह है सीएसपी लूट का मामला
महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पुरानी बाजार में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र वजीर अहमद संचालित करते हैं।
तीन अप्रैल को ग्राहक सेवा केंद्र पर बैठे वजीर अहमद के भाई शाहिद कलाम के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने पहुंचकर लूटपाट करने का प्रयास किया था।
इस दौरान पैसा नहीं मिलने पर उनका मोबाइल तोड़ दिया था। साथ ही ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक के भाई शाहिद कलाम के साथ मारपीट की गई थी।
पिस्टल दिखाकर गोपालगंज पुलिस को इसकी जानकारी देने से मना करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस मामले में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी कराई गई थी।
1 thought on “गोपालगंज: सरेंडर करूंगा बोलकर पुल से कूदने लगा, 25 हजार का नौटंकीबाज इनामी बदमाश”